भाषा एवं संस्कृति विभाग, शिमला द्वारा ‘राजभाषा पखवाड़ा-2026’ के उपलक्ष्य में गेयटी थियेटर के गोथिक हॉल में जिला स्तरीय अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिमला जिले के 20 विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाषण, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी जैसी स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध साहित्यकार सुदर्शन वशिष्ठ ने किया।
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही, हिंदी में सराहनीय कार्य करने वाले जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल और कार्यालय सहायक राजेश ठाकुर को ‘राजभाषा पुरस्कार’ से नवाजा गया। अपने संबोधन में उपायुक्त ने हिंदी को स्वाभिमान और अपनेपन की भाषा बताते हुए छात्रों को नई भाषाएं सीखने के साथ अपनी मातृभाषा का सम्मान करने और अपने जीवन का लक्ष्य स्वयं तय करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक अनिल हारटा और जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल ने विभागीय गतिविधियों का ब्योरा साझा किया। भाषण स्पर्धा में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जतोग की भार्गवी, प्रश्नोत्तरी में पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ठियोग की सूमिति और निबंध लेखन में सम्भोता तिब्बतियन स्कूल छोटा शिमला के विरासत ब्रामटा ने पहला स्थान हासिल किया।
Shimla Security Shift State Police to Take Charge of Airport Security


