उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में एड्स सुरक्षा (MAS), जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण समिति (DAPCC) तथा जिला सामुदायिक संसाधन समूह की संयुक्त बैठक शिमला में आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जनजागरूकता और उच्च जोखिम वाले समूहों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना था। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सामाजिक कलंक और भेदभाव को दूर करना पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ आमजन तक सटीक एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने तथा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जागरूकता गतिविधियों को और व्यापक बनाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही, जिला शिमला में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD) और एचपीवी टीकाकरण अभियान की तैयारियों को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक भी संपन्न हुई। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का पहला चरण 18 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह एक दिवसीय अभियान पूरे जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त व निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक साथ चलाया जाएगा। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस अभियान का लक्ष्य 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और युवाओं का सर्वांगीण स्वास्थ्य विकास सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल दी जाएगी, जबकि 1 से 5 वर्ष के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से विटामिन-ए की खुराक भी पिलाई जाएगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले में 2,105 सरकारी स्कूल, 450 निजी स्कूल, 2,154 आंगनबाड़ी केंद्र और 997 आशा कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। विभाग ने इस चरण के दौरान जिले में 2,15,738 बच्चों को एल्बेंडाजोल तथा 51,660 बच्चों को विटामिन-ए देने का लक्ष्य तय किया है। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तहसीम और डॉ. विनीत लखनपाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


