हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बद्दी के सालासर कॉम्प्लेक्स में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली दवाओं के भंडारण का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में कुल 2,23,084 नशीली गोलियां बरामद हुईं, जिनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 1,61,920 गोलियां और अल्प्राजोलम (Atrox-0.5) की 61,164 गोलियां शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया—शिव पूजन प्रजापति (उत्तर प्रदेश) और अनुराग शुक्ला (कानपुर), जो इन प्रतिबंधित दवाओं के अवैध भंडारण और वितरण में संलिप्त पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी बिना किसी वैध अनुमति के इन दवाओं का अवैध कारोबार कर रहे थे। सभी बरामद दवाओं को जब्त कर थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इसके साथ ही मौके से अन्य संदिग्ध दवाइयां भी मिली हैं, जिन पर ड्रग विभाग द्वारा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



