शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हाल ही में पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुपवी में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस चार दिवसीय खेल महाकुंभ में प्रदेश के सभी 12 जिलों और सात खेल छात्रावासों से आए 655 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, कुराश और ठोडा जैसी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कियासंबोधन के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं केवल औपचारिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं के असीम आत्मविश्वास, अनुशासन और संकल्प को देखने का एक महत्वपूर्ण अवसर हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने खेल उपलब्धियों के आधार पर 3 प्रतिशत रोजगार कोटा लागू किया है, जिसके तहत अब तक 300 से अधिक खिलाड़ियों को नौकरियां मिल चुकी हैं। इसके अलावा, खिलाड़ियों के बेहतर पोषण के लिए डाइट मनी बढ़ाई गई है—राज्य से बाहर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए 500 रुपये, राज्य स्तर पर 400 रुपये, जिला स्तर पर 300 रुपये और प्राथमिक स्तर के खेल छात्रावासों के लिए 250 रुपये प्रतिदिन तय की गई है। खेल बुनियादी ढांचे का विस्तार करते हुए प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या 8 से बढ़ाकर 11 कर दी गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की पहलों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) और परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) दोनों में हिमाचल प्रदेश ने 21वें/18वें स्थान से छलांग लगाकर देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रदेश 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ गोवा के बाद देश का दूसरा पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है। शैक्षिक मानकों को और ऊंचा उठाने के लिए सरकार ने लगभग 9,000 पद भरे हैं और 6,000 अन्य पद भरने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। साथ ही, प्रथम चरण में कुपवी समेत 147 सरकारी स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध किया जा रहा है।
चौपाल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे भवन निर्माण और अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी। प्रतियोगिता के परिणामों में सोलन जिला ऑल राउंड बेस्ट रहा। वॉलीबॉल में शिमला प्रथम, मंडी द्वितीय (संधोल खेल छात्रावास स्टेट विनर) रहा; कबड्डी में सोलन प्रथम और ऊना द्वितीय रहा; खो-खो में हमीरपुर प्रथम व मंडी द्वितीय रहा; कुराश में सोलन प्रथम व हमीरपुर द्वितीय रहा; तथा ठोडा खेल में शिमला प्रथम और सिरमौर द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा मंत्री ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया, सांस्कृतिक प्रस्तुति पर 15,000 रुपये देने की घोषणा की, और स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।


