हिमाचल प्रदेश के लिए यह एक गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है कि ठाकुर रामलाल स्पोर्ट्स हॉस्टल, जुब्बल की तीन बेटियों का चयन चीन के शांगलुओ में आयोजित होने वाले आई.एस.एफ. अंडर-15 गर्ल्स वॉलीबॉल चैम्पियनशिप की तैयारी हेतु अंतरराष्ट्रीय कोचिंग कैंप में हुआ है। यह कोचिंग कैंप 4 से 13 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगा, जिसमें विश्व स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस ऐतिहासिक चयन में शामिल तीन बेटियाँ हैं – ख्याति धनता, जिन्होंने राष्ट्रीय सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, रिया, और प्रीति — तीनों ही जुब्बल के ठाकुर रामलाल स्पोर्ट्स हॉस्टल से संबंधित हैं। एक ही हॉस्टल से तीन खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोचिंग कैंप के लिए होना अपने आप में दुर्लभ और असाधारण उपलब्धि है।
इस सफलता के पीछे प्रदेश के माननीय शिक्षा मंत्री का दूरदर्शी नेतृत्व और विशेष संरक्षण प्रमुख कारक रहा है। उनका यह दृढ़ विश्वास है कि स्पोर्ट्स हॉस्टल वे केंद्र हैं जहाँ से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होते हैं। उन्होंने आधुनिक और उपयुक्त हॉस्टल सुविधाओं को उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया, जिससे खिलाड़ियों को एक मजबूत बुनियाद मिली।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को संभव बनाने में निदेशक, स्कूल शिक्षा आशीष कोहली और अतिरिक्त निदेशक बी.आर. शर्मा का पारदर्शी प्रशासन और निरंतर मार्गदर्शन सराहनीय रहा है। यह परिणाम निदेशालय के गठन के बाद की पहली बड़ी उपलब्धि है, जिसने हिमाचल के खेल इतिहास में एक नई शुरुआत की है।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने भी इस यात्रा में मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान कर हिमाचल को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका योगदान राज्य की खेल संस्कृति को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सहायक रहा है।
बलवंत झोहटा, संचालक, ठाकुर रामलाल स्पोर्ट्स हॉस्टल, जुब्बल का योगदान भी इस उपलब्धि में विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उनके नेतृत्व, समर्पण और निरंतर प्रयासों के कारण यह हॉस्टल आज देश के श्रेष्ठतम खेल छात्रावासों में अपना स्थान सुनिश्चित कर रहा है।
यह उपलब्धि न केवल हिमाचल प्रदेश की इन बेटियों को, बल्कि पूरे युवा वर्ग को प्रेरित करेगी कि वे भी उत्कृष्टता की राह अपनाएं और राज्य व देश का नाम वैश्विक मंचों पर रोशन करें।
प्रदेश अपनी इन बेटियों को सलाम करता है, जो अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराने को तैयार हैं।