दिल्ली पब्लिक स्कूल, शिमला में हिंदी दिवस अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदी भाषा के महत्त्व, उसकी सांस्कृतिक समृद्धि और गौरव को बहुत ही प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कक्षा पहली से छठी तक के विद्यार्थियों ने नारा लेखन गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए सुंदर और अर्थपूर्ण नारों के ज़रिए हिंदी भाषा के प्रति अपने आदर, प्रेम और स्वाभिमान की भावना को प्रकट किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई एक मनमोहक लघु नाटिका रही। अपने शानदार अभिनय और संवादों के माध्यम से छात्रों ने यह संदेश दिया कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, संवेदनाओं और आपसी जुड़ाव का अटूट माध्यम है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या वीना चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी के प्रयोग पर गर्व करने और इसे अपनी दिनचर्या में अधिक से अधिक अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और साथ ही भाषा में और अधिक निखार लाने के लिए विशेष रूप से सही उच्चारण पर ध्यान देने का सुझाव दिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के मन में अपनी मातृभाषा और संस्कृति के प्रति सम्मान को और सुदृढ़ करने में पूर्णतः सफल रहा।
DPS Shimla Celebrates Krishna Janmashtami with Devotion and Fervor


