राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल ने आज दीन दयाल उपाध्याय जोनल अस्पताल (रिपन अस्पताल), शिमला में तीन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं में अस्पताल की पुरानी और नई इमारत को जोड़ने वाला संपर्क सेतु, मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर, और विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि इन पहलों से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
-
संपर्क सेतु का निर्माण ₹1.90 करोड़ की लागत से
-
मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर का निर्माण ₹1.52 करोड़ की लागत से किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर कोने में गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 70 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं, जहां 6 विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि रिपन अस्पताल में उपकरणों और स्टाफ की कमी को जल्द पूरा किया जाएगा। आवश्यक मशीनें खरीदने की प्रक्रिया प्रगति पर है, और अस्पताल को शीघ्र ही ये सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने अस्पताल की ऐतिहासिकता को रेखांकित करते हुए कहा कि राजधानी के इस प्रमुख अस्पताल को और अधिक सशक्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से अनुरोध किया कि सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएं।
इस अवसर पर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बैरी, एसडीएम ओशिन शर्मा, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकिंदर शर्मा, तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।