शिमला से जारी एक तीखे बयान में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि सीएम राज्य के विकास की बजाय सिर्फ जमीन बेचने और प्लॉटिंग करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया औद्योगीकरण से रोजगार और तरक्की के रास्ते तलाशती है, लेकिन सुक्खू सरकार मेडिकल डिवाइस पार्क और बल्क ड्रग पार्क जैसी दूरदर्शी परियोजनाओं में भी सिर्फ प्लॉट बेचने का धंधा ढूंढ रही है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर राज्य में धारा 118 को आसान बनाने के लिए मित्रों का नेटवर्क सक्रिय किया गया है, हालांकि भाजपा के कड़े विरोध के कारण सरकार को फिलहाल कदम पीछे खींचने पड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज सरकार के संरक्षण में औद्योगिक क्षेत्र अवैध वसूली का अड्डा बन चुका है, जिससे त्रस्त होकर उद्योग पड़ोसी राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। यदि मुख्यमंत्री को इंडस्ट्रियल पैकेज में कोई अनियमितता या घोटाला नजर आता है, तो वे साहस दिखाकर उसे रद्द करें और जांच करवाएं।
पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री महज भाषणों और 2027 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के झूठे दावों से जनता को बहला रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि रोबोटिक सर्जरी जैसी स्वास्थ्य सेवाओं के दाम एक साल में तीन गुना बढ़ाकर 90,000 रुपये कर दिए गए हैं। हिम केयर योजना को बंद करने की साजिश रची जा रही है और केंद्र सरकार के भारी योगदान के बावजूद सीएम उसका श्रेय खुद लेने में जुटे हैं।
CM Sukhu Signals Internship Stipend Hike for Himachal MBBS Students


