चार दिवसीय ऐतिहासिक फाग मेले के अवसर पर आयोजित बुशहर कार्निवाल के अंतिम दिन की सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्निवाल बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन द्वारा पिछले पांच वर्षों से आयोजित किया जा रहा है, जो स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के मैदान में 5 से 7 मार्च तक आयोजित तीन दिवसीय बुशहर कार्निवाल के समापन समारोह का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, जो एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रामपुर के सर्किट हाउस पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का प्रशासन, स्थानीय लोगों और पार्टी पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उनके समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष राहुल सोनी ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और मंत्री विक्रमादित्य सिंह को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मार्गदर्शन और एसोसिएशन के प्रयासों से यह आयोजन हर वर्ष अधिक भव्य रूप ले रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विकास में प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. यशवंत सिंह परमार और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को भी याद किया।
उन्होंने कहा कि रामपुर मंत्री विक्रमादित्य सिंह का गृह क्षेत्र है और उन्होंने क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उपमुख्यमंत्री ने आयोजकों, कलाकारों और सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी यह कार्निवाल इसी उत्साह के साथ आयोजित होता रहेगा। इस अवसर पर बुशहर कार्निवाल की स्मारिका का भी विमोचन किया गया।



