हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे “समर्थ-2025” अभियान के अंतर्गत लोगों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण की जानकारी देने के लिए विविध गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों और गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और आगजनी जैसी आपदाओं से बचाव के उपाय बताए।
भगवती सांस्कृतिक मंडल, चौपाल के कलाकारों ने कुपवी के राजकीय माध्यमिक स्कूल व मॉडर्न स्कूल में तथा शिव रंजनी सांस्कृतिक दल, बलग के कलाकारों ने चिड़गांव बस अड्डा और सरस्वती विद्या मंदिर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आम जनता को जागरूक किया।
कलाकारों ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए समय रहते सतर्कता और तैयारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आपदा की स्थिति में प्राथमिक कदमों, सुरक्षित स्थानों की जानकारी और बचाव के सही तरीकों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा तैयार प्रचार सामग्री भी लोगों को वितरित की गई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी चिड़गांव हिमानी शर्मा, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अध्यापक, बस अड्डा चिड़गांव प्रभारी भाग चंद, सहित स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को लोगों ने सराहा और इस तरह की गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।



