मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के लिए ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ (PMGSY-IV) के प्रथम चरण के तहत ₹28.22 करोड़ की लागत से बनने वाली पाँच प्रमुख सड़क परियोजनाओं की आधारशिला वर्चुअली रखी। इन विकास योजनाओं में बिड़ला-गाटू से मढारा सड़क, कटवाड़ी बगराथ से बिड़ला सड़क, ठाकर से कुज्जेवाला सड़क, गाँव बखान से केलेवाला सड़क और खड़कोली से उंगार कांदो सड़क शामिल हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास और समृद्धि का प्रतीक हैं। राज्य सरकार सुदूर और ग्रामीण इलाकों में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुँच आसान होगी।
कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, सांसद सुरेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने देश भर के ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदली है और सिरमौर जिले में इन परियोजनाओं की स्वीकृति लगातार जारी प्रयासों का प्रतिफल है।


