शिमला ग्रीष्मोत्सव के तीसरे दिन ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को समर्पित एक विशेष महानाटी का आयोजन किया गया, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के सुन्नी प्रोजेक्ट की 80 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इस सांस्कृतिक आयोजन में पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और बेटियों के अधिकारों के प्रति समर्थन जताया।
पुलिस ब्रास बैंड के जवानों ने अपनी मधुर धुनों से कार्यक्रम में चार चांद लगाए और उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
ग्रीष्मोत्सव के तहत उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला से आए सांस्कृतिक दलों ने हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर की समृद्ध लोकसंस्कृति को प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इन प्रस्तुतियों के साथ ही स्थानीय नृत्य समूहों ने भी अपनी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में रंग भर दिए।
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैंटनी कैसल परिसर में ‘हिम ईरा’ के माध्यम से एक पारंपरिक पहाड़ी आंगन का सजीव चित्रण किया गया है। इसमें स्थानीय व्यंजन, हथकरघा उत्पाद, पारंपरिक वेशभूषा, और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
ग्रीष्मोत्सव के अंतर्गत रिज मैदान में पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें शिमला एमेच्योर गार्डन एंड एनवायरनमेंट सोसायटी, भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, उद्यान विभाग, सीपीडब्ल्यूडी, आर्मी हेरिटेज म्यूजियम और निजी नर्सरियों द्वारा फूलों की अनेक प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया। विविध रंगों और प्रकारों के इन पुष्पों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शाम को आयोजित तीसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ विधायक हरीश जनारथा (शिमला शहरी) और नीरज नय्यर (चम्बा) भी मौजूद रहे। उपायुक्त एवं आयोजन समिति अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने अतिथियों का स्वागत कर सम्मानित किया।
हेमंत शर्मा, गीता भारद्वाज और हनी नेगी जैसे प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में जान डाल दी। स्कूलों के छात्रों और स्थानीय कलाकारों जैसे यशिका घामटा, प्राज्ञ ठाकुर, पाल सिंह, योगेश मुकुल, आयुष ठाकुर, डॉ. मदन झाल्टा, अरुण जस्टा आदि ने भी संगीत व नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
4 जून को आयोजित होने वाली चौथी सांस्कृतिक संध्या में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल मुख्य अतिथि होंगे। इस संध्या के मुख्य आकर्षण फिरदौस बैंड और इंडियन आइडल फेम कुमार साहिल की प्रस्तुतियां होंगी।
शिमला ग्रीष्मोत्सव का तीसरा दिन सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों से भरपूर रहा, जिसने न केवल मनोरंजन किया बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया।
शिमला ग्रीष्मोत्सव: उपमुख्यमंत्री के साथ हास्य कवि सम्मेलन का आनंद