स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 200 चिकित्सकों के पदों को भरने की मंजूरी दे दी है, और इन्हें शीघ्र ही भरा जाएगा। यह जानकारी उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, हमीरपुर में आयोजित रोगी कल्याण समिति की संचालन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 400 नर्सों की भर्ती प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पैरा मेडिकल स्टाफ की भी समुचित तैनाती सुनिश्चित की जाएगी ताकि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के बजट व्यय और ऑडिट रिपोर्ट को भी कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर मंत्री ने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और संस्थाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से अपील की कि वे समाज सेवा की भावना से कार्य करें और जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करें।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा देवी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, तथा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) रमेश भारती समेत रोगी कल्याण समिति के सदस्य वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


