मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज आयोजित प्रेस वार्ता में चुनाव परिणामों को लेकर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत और सरकार की जनहितकारी नीतियों पर जनता के भरोसे का स्पष्ट संकेत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों ने विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देने वाली राजनीति के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में सक्रिय योगदान देंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 53 शहरी स्थानीय निकायों में हुए चुनावों में कांग्रेस ने 29 निकायों में जीत दर्ज की है, जबकि पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित 2400 प्रधान और 2300 उप-प्रधान चुने गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और जनता द्वारा जताया गया विश्वास सरकार को और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि जनता की सेवा ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हिमाचल को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



