अंतर्राष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल 2026 का आयोजन 8 से 12 जून तक किया जाएगा। इस भव्य आयोजन का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता करेंगे, जबकि समापन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक संध्याएं, खेल प्रतियोगिताएं और विभिन्न कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे। महोत्सव के दौरान विभिन्न विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे, जिनमें 9 जून को शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा, 10 जून को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तथा 11 जून को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सांस्कृतिक संध्याओं में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उद्घाटन संध्या पर बॉलीवुड पार्श्व गायक शबाब साबरी, दूसरी संध्या पर ज्योतिका टांगरी, तीसरी संध्या पर ‘नाटी किंग’ कुलदीप शर्मा, चौथी संध्या पर पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर तथा समापन संध्या पर जस्सी गिल और बबल राय अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
इसके अतिरिक्त तिब्बत प्रदर्शन कला संस्थान और नॉर्थ ज़ोन कल्चरल सेंटर, पटियाला के कलाकार भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव में आर्ट फेस्टिवल, माय चैंपियन डॉग शो, हेल्दी बेबी शो, श्यामला मंथन, मुशायरा, कवि गोष्ठी, एंटी चिट्टा अंडर-21 जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, लाइव बैंड शो, महा नाटी, छम नृत्य, वॉयस ऑफ माउंटेन, फैशन शो, मल्लखंभ, जुम्बा, शिमला स्वाद महोत्सव, हॉट एयर बैलून राइड, हेलीकॉप्टर जॉय राइड, शिमला फिल्म फेस्टिवल, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान तथा श्यामला रंगमंच उत्सव जैसे कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



