प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चनावग में आयोजित हरशिंग धार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराएं और देवी-देवताओं में लोगों की आस्था प्रदेश की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
मंत्री ने मेला समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि हरशिंग धार मेला क्षेत्र की आस्था और विश्वास का प्रतीक है तथा इसका आयोजन वर्षों से श्रद्धा और उत्साह के साथ होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरी बार इष्ट देव हर्षिंगदेव महाराज के दरबार में मत्था टेकने और क्षेत्र के अन्य देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दौरे के दौरान वे क्षेत्र की विकास योजनाओं और लोगों की समस्याओं की जानकारी भी लेते हैं, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पटियार-घाटरु-बैरटीनाला वाया सीतरी जांयन संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जूड-खुराना संपर्क सड़क की आधारशिला रखी तथा 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला जूड (जुडलू) के नए भवन का लोकार्पण भी किया।
उन्होंने कहा कि इन दोनों संपर्क सड़कों की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे। अब निर्माण कार्य जल्द शुरू कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने मेला समिति द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों पर भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
लोक निर्माण मंत्री ने घोषणा की कि हरशिंग धार देवस्थल के निकट एक बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएंगी। उन्होंने बताया कि चनावग से हरशिंग धार देवस्थल तक मुख्य सड़क की मेटलिंग और टायरिंग का कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के समीप प्रस्तावित बड़े पार्किंग स्थल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा जोटरु से गांव तक तथा छामला डोरा से हरशिंग धार तक सड़क निर्माण भी कराया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं की सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान हरशिंग धार मेला समिति की ओर से लोक निर्माण मंत्री का पारंपरिक स्वागत किया गया और उन्हें मेले के आयोजन के साथ-साथ क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं से अवगत कराया गया। मंत्री ने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की।



