शिमला के उपायुक्त एवं जिला दण्डाधिकारी अनुपम कश्यप ने ठियोग नगर में बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग की कमी और सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग व लोडिंग-अनलोडिंग की समस्या को देखते हुए प्रस्तावित यातायात प्रबंधन योजना का प्रारूप जारी किया है।
यह योजना उपमंडलाधिकारी (ना.) ठियोग द्वारा नगर परिषद ठियोग और पुलिस विभाग के सहयोग से तैयार की गई है। आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत पार्किंग स्थल, टैक्सी पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग प्वाइंट, बस स्टॉप, नो पार्किंग और नो यू-टर्न जोन प्रस्तावित किए गए हैं।
प्रस्तावित योजना में जनोग घाट, प्रेम घाट चौक, स्नोलाइन फिलिंग स्टेशन, वन विभाग कार्यालय, विद्युत कार्यालय, राहीघाट बाईपास और ठियोग बाईपास (एनएच-05) सहित विभिन्न स्थानों पर हल्के वाहनों व पिकअप के लिए पार्किंग व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। न्यू बस स्टैंड ठियोग में टैक्सियों के लिए अलग पार्किंग प्रस्तावित है।
योजना के तहत होटल हिडिम्बा के समीप लोडिंग-अनलोडिंग का समय सुबह 8 बजे से पहले और रात 8 बजे के बाद निर्धारित किया गया है। जनोग घाट, प्रेम घाट, सब्जी मंडी, सिविल अस्पताल मार्ग, स्नोलाइन फिलिंग स्टेशन और राहीघाट क्षेत्र के कुछ हिस्सों को नो पार्किंग जोन बनाने का प्रस्ताव है, जबकि जनोग घाट से राहीघाट तक के मार्ग को नो यू-टर्न जोन घोषित करने की योजना है।
बस सेवाओं के लिए चोपाल-कोटखाई, शिमला और रामपुर रूट के अलग-अलग बस स्टॉप तथा स्कूल बसों के लिए राहीघाट चौक, जीरो प्वाइंट, पुराना बस स्टैंड और प्रेमघाट चौक निर्धारित किए गए हैं।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रेमघाट से सिविल अस्पताल ठियोग मार्ग पर सुबह 9 बजे से 9:45 बजे तक और दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे तक एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है।
इसके अलावा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों का ठियोग बाजार में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को ठियोग बाईपास मार्ग का उपयोग करना होगा। हालांकि एचआरटीसी बसों और सब्जी मंडी आने वाले वाहनों को इससे छूट दी जाएगी।
जिला दण्डाधिकारी ने बताया कि प्रारूप अधिसूचना आम जनता के सुझावों और आपत्तियों के लिए जारी की गई है। इच्छुक व्यक्ति अधिसूचना जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर अपने सुझाव या आपत्तियां जिला दण्डाधिकारी कार्यालय, शिमला में प्रस्तुत कर सकते हैं।



