शिमला जिला प्रशासन ने 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे उपमंडल दण्डाधिकारी (SDM) शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा को एक गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा और एसडीएम शिमला शहरी सनी शर्मा सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान उपायुक्त अनुपम कश्यप और अन्य अधिकारियों ने मंजीत शर्मा को सम्मानित करते हुए उनके लंबे, निष्ठावान और समर्पित सेवाकाल के प्रति आभार जताया। उपायुक्त ने कहा कि मंजीत शर्मा ने अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी लगन और ईमानदारी के साथ किया, जिससे जिला प्रशासन के कामकाज को हमेशा मजबूती मिली।
कार्यक्रम में उपस्थित सहयोगियों ने मंजीत शर्मा के साथ काम करने के अपने अनुभवों को साझा किया और उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं, विदाई पा रहे एसडीएम मंजीत शर्मा ने जिला प्रशासन से मिले स्नेह, सम्मान और सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा के दौरान प्राप्त अनुभव उनके जीवन की अमूल्य पूंजी रहेंगे।


