राजकीय महाविद्यालय कोटी में दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय जूडो स्पर्धा का आगाज हो गया है। प्रतियोगिता का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि जूडो सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन सिखाता है। आज देश व प्रदेश का युवा इसमें गहरी रुचि ले रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
क्षेत्र में शिक्षा के विकास पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि एक दशक पूर्व इस इलाके में कोई कॉलेज नहीं था, लेकिन जन-प्रतिनिधियों और सरकार के साझा प्रयासों से आज यहाँ एक आधुनिक महाविद्यालय स्थापित हो चुका है। उन्होंने अभिभावकों व प्रबंधन से संस्थान में दाखिले बढ़ाने और शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने का आग्रह किया ताकि इसे राज्य के अग्रणी कॉलेजों में शामिल किया जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉलेज की अधिकतर मांगें पूरी कर ली गई हैं तथा रिक्त पड़े प्रवक्ताओं और सहायक प्रवक्ताओं के पदों को जल्द भरा जाएगा। साथ ही, उन्होंने आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन को 50 हजार रुपये की राशि देने का ऐलान किया।
इससे पूर्व, कॉलेज प्राचार्य डॉ. दीपशिखा भारद्वाज ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की मेजबानी को संस्थान के लिए गौरवशाली बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इस अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पुरुषों की 18 और महिलाओं की 13 टीमें भाग ले रही हैं।
Himachal Urges Public Cooperation for Phase Two of Census-2027


