राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आगामी 2 अक्टूबर को शिमला में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सुचारू और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों ने भाग लिया और तैयारियों का जायजा लिया।
प्रभात फेरी 2 अक्टूबर की सुबह ठीक 6 बजे केंद्रीय तारघर स्थित लाल बहादुर शास्त्री चौक से शुरू होगी। इसके बाद लोअर बाजार और शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट के रास्ते होते हुए यह रिज मैदान पहुंचेगी, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष इसका औपचारिक समापन किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बापू के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों और भक्तिमय देशभक्ति गीतों का गायन किया जाएगा। इसमें प्रशासनिक विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों के साथ-साथ आम जनता की भी बड़ी भागीदारी रहेगी। उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में उपस्थित होकर बापू को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।
हिमाचल में फार्मासिस्टों के पदोन्नति मार्ग होंगे सुगम : अनिरुद्ध सिंह


