ग्वालियर रियासत की मुद्रा विरासत और दुर्लभ सिक्के

Date:

Share post:

डॉ कमल. के. प्यासा – जीरकपुर, मोहाली
ग्वालियर रियासत के क्षेत्र पर सिंधिया राजवंश से पूर्व पाल, प्रतिहार, कच्छपघात, तोमर राजपूत, दिल्ली सल्तनत व मुग़लों का अधिकार हुआ करता था। ग्वालियर रियासत की नींव राणोजी सिंधिया द्वारा 1731 ईस्वी में रखी गई थी, जो कि बाज़ीराव पेशवा के एक पराक्रमी सेनापति थे। रियासत की प्रथम राजधानी उज्जैन थी, 1810 ईस्वी में ग्वालियर रियासत को दौलत राव सिंधिया द्वारा ग्वालियर (लश्कर) की राजधानी बना दिया गया। इस तरह वर्ष 1761 से 1794 तक ग्वालियर रियासत, महादजी सिंधिया के समय उत्तर भारत की एक शक्तिशाली रियासत स्थापित हो चुकी थी। बाद में आंग्ल-मराठा युद्धों के पश्चात सालबाई (ईस्वी 1782) व अन्य सन्धियों के फलस्वरूप ग्वालियर रियासत ब्रिटिश सरकार की अधीनता (सुप्रीमसी) में आ गई और इसे देशी रियासत का दर्ज़ा मिल गया। 1857 के विद्रोह समय महाराजा जीवाजी राव सिंधिया अंग्रेज़ों के साथ हो गए थे, जबकि रानी लक्ष्मीबाई व तात्या टोपे उस समय अंग्रेज़ों के खिलाफ विद्रोह कर रहे थे। लेकिन स्वतन्त्रता के पश्चात महाराजा जीवाजी राव 15 जून, 1948 को भारत गणराज्य में शामिल हो गए।

देखा जाए तो ग्वालियर में सिक्कों का चलन 8वीं शताब्दी से ही हो गया था लेकिन व्यवस्थित रूप में मुद्रा का चलन सिंधिया राजवंश से ही माना जाता है। ग्वालियर रियासत के चांदी व ताम्बे के सिक्कों में चांदी का रुपया व छोटे सिक्के ताम्बे के पैसों के रूप में होते थे। रियासत के इन सिक्कों पर फ़ारसी में बादशाह शाह आलम द्वितीय का नाम होता था व सिक्के के दूसरी ओर लम्बी तलवार व त्रिशूल के चिह्न, सिंधिया वंश के शक्ति प्रतीक होते थे। सिंधिया वंश के ये समस्त सिक्के मुख्य रूप से लश्कर, उज्जैन, चेसला व बुरहानपुर की टकसालों में ढाले जाते थे, जिन पर देवनागरी लिपि में शासकों के नाम श्री लगा कर लिखे होते थे, साथ ही फूल-पत्ते, त्रिशूल व सांप आदि की आकृतियाँ भी बनी रहती थीं। इनके साथ ही साथ शासक जीवाजी राव की सुन्दर आकृति व दूसरी ओर शाही निशान (राज चिह्न) बने होते थे।

1. सिक्का 1/2 पैसा महाराजा माधव राव सिंधिया ग्वालियर

सिक्के की धातु: ताम्बा।

सिक्के का आकार: गोलाकार।

सिक्के का व्यास: 20 मि.मी.।

सिक्के की मोटाई: 1.20 मि.मी.।

सिक्के का भार: 3.60 ग्राम।

सिक्के का काल: 1886-1925 ईस्वी।

सिक्के की लिपि: देवनागरी।

सिक्का संग्रहकर्ता: कमल के. प्यासा (निजी संग्रह), प्रूथी संग्रहालय, मण्डी।

सिक्के का प्राप्ति स्थान: मण्डी, अपनी खरीद।

सिक्के का विवरण: ग्वालियर रियासत के आधे पैसे के ताम्बे वाले इस सिक्के के एक ओर वृत्ताकार बिंदुओं का घेरा बना है जिसके आगे वृत्ताकार रूप में ही श्री माधव राव मा. शिंदे आ. बहादुर। फिर मध्य में बिंदुदार गोले के अंदर त्रिशूल, सांप व भाले को दिखाया गया है। इसी सिक्के के दूसरी ओर भी वृत्ताकार बिंदुदार सीमा दायरे के आगे वृत्ताकार ही सुन्दर बेल-फूलों का घेरा बना है जिसमें वृत्ताकार रूप में ही ऊपर की ओर ग्वालियर, नीचे मध्य में 1/2 व इससे नीचे पैसा लिखा है और सबसे नीचे संवत् 1957 नागरी अंकों में लिखा देखा जा सकता है।

2. सिक्का 1/2 आना जीवाजी राव ग्वालियर

सिक्के की धातु: ताम्बा।

सिक्के का आकार: गोलाकार।

सिक्के का व्यास: 19.0 मि.मी.।

सिक्के की मोटाई: 1.25 मि.मी.।

सिक्के का भार: 3.00 ग्राम।

सिक्के का काल: 20वीं शताब्दी।

सिक्के की लिपि: देवनागरी।

सिक्का संग्रहकर्ता: कमल के. प्यासा (निजी संग्रह), प्रूथी संग्रहालय, मण्डी।

सिक्के का प्राप्ति स्थान: मण्डी, अपनी खरीद।

सिक्के का विवरण: ग्वालियर रियासत का 1/2 आने का महाराजा जीवाजी राव के, इस सिक्के के एक ओर महाराजा जीवाजी राव की सुन्दर आकृति का चेहरा देखा जा सकता है, जिसमें महाराजा जी को दाईं ओर को मुँह किए दिखाया गया है। सिर पर सुन्दर पगड़ी पर कलगी लगी दिखाई गई है व गले में सुन्दर-सुन्दर बहुमूल्य मालाएं देखी जा सकती हैं। महाराजा के एक ओर वृत्ताकार शैली से श्री माधव राव मा. शिंदे, इसी प्रकार आकृति के दूसरी ओर आलीजाह बहादुर व आकृति के नीचे ग्वालियर लिखा देखा जा सकता है। इसी सिक्के के दूसरी ओर ऊपर आधा आना, बीच में राज्य चिह्न व सबसे नीचे संवत् 1999 (ईस्वी 1942) देवनागरी के अंकों में पढ़ा जा सकता है।

3. पाव आना / एक पैसा माधव राव सिंधिया

सिक्के की धातु: ताम्बा।

सिक्के का आकार: गोलाकार।

सिक्के का व्यास: 22 मि.मी.।

सिक्के की मोटाई: 1.65 मि.मी.।

सिक्के का भार: 6.60 ग्राम।

सिक्के का काल: 20वीं शताब्दी।

सिक्के की लिपि: देवनागरी।

सिक्का संग्रहकर्ता: कमल के. प्यासा (निजी संग्रह), प्रूथी संग्रहालय, मण्डी।

सिक्के का प्राप्ति स्थान: मण्डी, अपनी खरीद।

सिक्के का विवरण: ग्वालियर रियासत के प्राप्त पाव आना (एक पैसा) वाले इस सिक्के की बनावट में चारों ओर एक बिंदुदार वृत्ताकार सीमा रेखा बनी है, जिसके आगे फिर वैसे ही गोलाकार सुन्दर फूलों की बेल सी देखी जा सकती है और इसी बेल से आगे अंदर की ओर एक अन्य गोलाकार बिंदुओं का दायरा देखने को मिलता है, जिसके अंदर वैसे ही गोलाकार शैली में ऊपर की ओर गवालियर व इसके नीचे सीधी रेखा में पाव आना व नीचे संवत् जो कि इसके ठीक नीचे बंद आयत में 1953 देवनागरी अंकों में लिखा देखा जा सकता है। इसी सिक्के के दूसरी ओर ऊपर की ओर गोलाकार शैली में श्री माधव राव शिंदे, नीचे मध्य में नाग, त्रिशूल व भाला को एक-दूजे को काटते (क्रॉस) रूप में दिखाया गया है। नीचे फिर गोलाकार शैली में आलीजाह बहादुर लिखा देखा जा सकता है।

4. पाव आना (एक पैसा) जीवाजी राव सिंधिया

सिक्के की धातु: ताम्बा।

सिक्के का आकार: गोलाकार।

सिक्के का व्यास: 22.00 मि.मी.।

सिक्के की मोटाई: 1.60 मि.मी.।

सिक्के का भार: 5.00 ग्राम।

सिक्के का काल: 19वीं-20वीं शताब्दी।

सिक्के की लिपि: देवनागरी व फ़ारसी।

सिक्का संग्रहकर्ता: कमल के. प्यासा (निजी संग्रह), प्रूथी संग्रहालय, मण्डी।

सिक्का प्राप्ति स्थान: मण्डी, अपनी खरीद।

सिक्के का विवरण: ग्वालियर रियासत के जीवाजी राव सिंधिया के एक पैसे वाले इस सिक्के के एक ओर महाराजा जीवाजी राव की सुन्दर चेहरे वाली मूरत दिखाई गई है, जिसमें महाराजा का चेहरा दाईं तरफ देखते हुए दिखाया गया है और महाराजा ने सिर पर सुन्दर पगड़ी लगा रखी है। यहीं महाराजा की छवि को घेरे वृत्ताकार शैली में लिखा श्री जीवाजी राव आलीजाह बहादुर व नीचे गवालियर लिखा देखा जा सकता है। सिक्के के दूसरी ओर देवनागरी में पाव आना व फ़ारसी-उर्दू में किनारों पर एक पैसा लिखा भी पढ़ा जा सकता है।

उदयपुर रियासत और उसके तत्कालीन सिक्कों का इतिहास

Sponsored

Daily News Bulletin

Nurturing Creativity – Keekli Charitable Trust, Shimla

Related articles

Architectural Legacies and Pioneers of Modern Indian Art- Feature

Lakshmi Rameshwar Rao From 1858 through to 1948, the British occupied and controlled India. During its years in India,...

हिमाचल की अंडर-18 महिला वॉलीबॉल टीम के ट्रायल 21 नवंबर से

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली अंडर-18 महिला वॉलीबॉल टीम के गठन की...

लंबित योजनाओं की समीक्षा, दो साल के उत्कृष्ट कार्यों की रिपोर्ट तलब

जिला शिमला में केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने...

त्रिवेणी चित्रकला प्रदर्शनी का आगाज, कृतियों को मिली सराहना

गेयटी थिएटर के टैवर्न हॉल में गुरुवार को तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी ‘त्रिवेणी’ का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त अनुपम...