मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के नादौन स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल में विद्यार्थियों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से उनके करियर, नए शैक्षणिक बदलावों और सीबीएसई (CBSE) पाठ्यक्रम के अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष समाज, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े सवाल बिना किसी हिचकिचाहट के रखे, जिन पर मुख्यमंत्री ने विस्तार से अपनी बात रखी।
संवाद के दौरान एक छात्रा ने कजाकिस्तान की तर्ज पर प्रदेश को स्वच्छ बनाने और सफाई से जुड़े दृष्टिकोण पर सवाल उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को अपनाते हुए स्वच्छता को एक जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है, जिसमें केवल अपने घर तक सीमित न रहकर पूरे आस-पड़ोस को साफ रखने की जिम्मेदारी लेनी होगी। वहीं, सीबीएसई (CBSE) पैटर्न को लेकर छात्रों ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे प्रतियोगी परीक्षाओं और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बेहद मददगार बताया, जिसके लिए उन्होंने राज्य सरकार का आभार जताया।
एक छात्र द्वारा नीट (NEET) पेपर लीक का मुद्दा उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं के भविष्य और कड़ी मेहनत के साथ बड़ा धोखा बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी पूर्व में ऐसी घटनाएं सामने आने पर राज्य चयन आयोग को भंग कर दोषियों को जेल भेजा गया था और अब केवल मेरिट के आधार पर पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की मांग पर प्राथमिक स्कूल की टूटी सीढ़ियों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए और रंगस से स्कूल बस सुविधा शुरू करने के लिए आवश्यक प्रबंध करने का आश्वासन दिया।
तलाई के सायर मेले में सांस्कृतिक रंग, मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने टेका माथा


