जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शिमला नरेंद्र धीमान ने उपभोक्ताओं से गैस एजेंसियों से सीधे (ओवर-द-काउंटर) एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने से परहेज करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी सिलेंडरों की समयबद्ध और समान आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए, विशेषकर ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों हेतु, पहले ही रूट चार्ट अधिसूचित किया गया है। साथ ही एलपीजी (आपूर्ति एवं वितरण का विनियमन) आदेश, 2000 के तहत अतिरिक्त कुलियेज शुल्क भी निर्धारित किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि मध्य-पूर्व क्षेत्र में मौजूदा परिस्थितियों के चलते वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जबकि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा गैस एजेंसियों पर जाकर सीधे सिलेंडर लेने से अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है, जिससे निर्धारित वितरण प्रणाली प्रभावित हो रही है। इसका असर खासकर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में आपूर्ति पर पड़ रहा है।
नरेंद्र धीमान ने कहा कि गैस की सुचारू और समान वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि उपभोक्ता ओवर-द-काउंटर सिलेंडर लेने से बचें। एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में अधिसूचित रूट चार्ट और डिलीवरी प्रणाली के अनुसार ही की जाएगी।
प्रशासन ने गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित वितरण प्रणाली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। किसी भी असुविधा की स्थिति में उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी या खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।



