हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा शुरू किए गए “समर्थ-2025” अभियान के अंतर्गत आपदा जोखिम न्यूनीकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जन सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज मतियाना, ठियोग और टिक्कर में नुक्कड़ नाटकों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय लोगों को जागरूक किया गया।
त्रिमूर्ति रंग मंच, तारा देवी के कलाकारों ने मतियाना बाजार और ठियोग बस अड्डा में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और आगजनी जैसी आपदाओं के प्रति सतर्कता और बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं, हिमाचल कला मंच, सरोग के कलाकारों ने एसडीएवी हाई स्कूल टिक्कर और बीएलइ इंटरनेशनल विद्यालय टिक्कर में गीत-संगीत और नाटक के माध्यम से छात्रों और स्थानीय लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति सचेत किया।
कार्यक्रम के माध्यम से बताया गया कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने की बजाय सजग रहना, पूर्व तैयारी करना और समय रहते उचित कदम उठाना जानमाल की हानि को काफी हद तक रोक सकता है। नुक्कड़ नाटकों में आपदा से पहले की तैयारी, आपातकालीन किट, सुरक्षित स्थान की पहचान और राहत कार्यों में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
इस अवसर पर मतियाना की प्रधान रीता, ठियोग बस अड्डा प्रभारी जयप्रकाश, एसडीएवी हाई स्कूल टिक्कर के प्रधानाचार्य बृजमोहन, बीएलइ इंटरनेशनल विद्यालय टिक्कर की प्रधानाचार्य चंद्रकला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, शिक्षकगण और छात्र उपस्थित रहे। सभी ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की और इस तरह के कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।


