राजधानी नई दिल्ली स्थित संसद भवन के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में आयोजित राष्ट्रीय ‘Know Your Leader’ कार्यक्रम में शिमला के दो मेधावी छात्रों, गौरव और विवेक कुमार ने हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया।
NCERT के CIET और संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों का संचार करना था। देश भर से चुने गए 36 उत्कृष्ट विद्यार्थियों में से हिमाचल के इन दोनों छात्रों ने अपनी जगह बनाई। विशेष बात यह रही कि वक्तव्य देने के लिए चुने गए 12 विद्यार्थियों में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लालपानी (शिमला) के छात्र गौरव शामिल थे। गौरव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और अन्य सांसदों व गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में अत्यंत आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे।
दोनों छात्रों का चयन उनकी प्रांतीय व राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों—जैसे भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी और बेंगलुरु के ‘Codeavour STEM Hackathon’—के आधार पर हुआ।
इस उपलब्धि के पीछे उनकी मेंटर नेहा शर्मा (विज्ञान अध्यापिका, पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टूटू) का विशेष मार्गदर्शन रहा, जिन्होंने छात्रों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और प्रस्तुति कौशल को निखारने में अहम भूमिका निभाई। प्रदेश के विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर शिक्षा जगत, परिजनों और विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।


