अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार शाम ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में हास्य नाटक “बिष्टी लाणी” का सफल मंचन किया गया। प्रस्तुति ‘द बिगनर्स’ संस्था द्वारा की गई, जो प्रसिद्ध नाटककार अंतोन चेखव के नाटक “द प्रपोजल” से प्रेरित है और इसे हिमाचली परिवेश में ढालकर रंगकर्मी कपिल देव शर्मा ने निर्देशित किया है।
हास्य और व्यंग्य से भरपूर इस नाटक में समाज के संपन्न वर्गों में वैवाहिक संबंधों को आर्थिक हितों से जोड़ने की प्रवृत्ति पर कटाक्ष किया गया। सरल संवादों और हास्यपूर्ण घटनाक्रम के जरिए पारिवारिक रिश्तों और मानवीय स्वभाव को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया।
पहाड़ी संस्कृति और स्थानीय बोलियों के मिश्रण के साथ प्रस्तुत इस नाटक ने दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखा। मंचन में शिमला के ग्रामीण जीवन, सामाजिक व्यवहार और लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली।
कहानी अमरु नामक पात्र के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सरला से विवाह करना चाहता है, लेकिन संकोच और गलतफहमियों के कारण अपने मन की बात स्पष्ट नहीं कर पाता। हास्यास्पद परिस्थितियों के बीच अंततः विवाह तय होता है, जिसके बाद भी दोनों पात्रों की नोकझोंक दर्शकों को लगातार मनोरंजन प्रदान करती है। गेयटी थिएटर में हुए इस मंचन ने स्थानीय रंगमंच, लोकभाषा और आधुनिक व्यंग्य का सुंदर संगम प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।



