शिमला जिला परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सिसोदिया और उपाध्यक्ष भारत सिंह कलांटा को बधाई देते हुए कहा कि सत्ता के दुरुपयोग और राजनीतिक साजिशों के बावजूद लोकतंत्र की विजय हुई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को स्थानीय निकायों के चुनावों में लगातार मिल रही हार से सबक लेकर संविधान और जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने भाजपा समर्थित पार्षदों पर दबाव बनाने और चुनाव टालने के कई प्रयास किए, लेकिन अदालत और जनता दोनों की अदालत में सरकार की फजीहत हुई। 11 में से 10 जिलों के जिला परिषद चुनावों में भाजपा ने बढ़त बनाई है, जबकि उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस अपने ही पार्षदों को एकजुट रखने में नाकाम रही।


