सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत ई.एस.ओ.एम.एस.ए. (ESOMSA) द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) की छठी वर्षगांठ के अवसर पर जिला शिमला के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता एवं प्रतिभा विकास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम का आज समापन हुआ।
तहसील कल्याण अधिकारी, शिमला (ग्रामीण) सतीश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और उन्हें नशे से दूर रहकर अच्छे संस्कार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद तथा रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्राथमिक, जूनियर और वरिष्ठ वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योतिका नेगी ने बताया कि रंगोली, चित्रकला, कविता पाठ, हिंदी एवं अंग्रेजी वाचन तथा वाद-विवाद जैसी सह-पाठ्यक्रम प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया, जिसने सभी को नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
विभाग के अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, रचनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।



