रणजोध सिंह – नालागढ़
सरकारी विभाग में मैं नया-नया लेखाकार के रूप में नियुक्त हुआ था। अभी काम सीख ही रहा था कि कार्यालय में ऑडिट टीम आ धमकी। चूंकि मेरी नई-नई नौकरी लगी थी तो हर काम को न केवल बड़ी सावधानीपूर्वक कर रहा था अपितु कुछ न कुछ नया सीखने की कोशिश भी कर रहा था। उस दिन मैं अपने कार्यालय में कैश बुक लिखने में व्यस्त था और मेरे सामने वाली मेज़ पर एक वरिष्ठ ऑडिटर कागजों के ढेर से माथापच्ची कर रहा था।
अचानक उसने मुझे संबोधित करते हुए कहा, “मेरी पेंसिल का सिक्का खत्म हो गया है, यह चल नहीं रही है।” मैंने अति उत्साह के साथ पेंसिल को तेज करने के लिए एक शार्पनर ऑडिटर साहब के हाथ में दे दिया। ऑडिटर ने जैसे ही शार्पनर पकड़ा, वह तो ठहाके मार-मार कर हंसने लगा। कभी वो मुझे देखता और कभी शार्पनर को और फिर जोर-जोर से हंसने लगता। खैर! मेरी समझ में कुछ नहीं आ रहा था। एकाएक वह अपनी सीट से उठा और हंसता हुआ मेरे बॉस के केबिन में चला गया।
थोड़ी देर बाद बॉस ने मुझे अपने केबिन में बुलाया और हंसते हुए सरकारी तंत्र के एक अति गुप्त रहस्य का पर्दाफाश करते हुए मुझे समझाया कि जब किसी ऑडिटर की पेंसिल न चले या उसका सिक्का टूट जाये तो इसका अर्थ होता है कि ऑडिटर साहिब अब थक चुके हैं, उन्हें कुछ चाय-नाश्ता कराओ, ठंडा पिलाओ, कोई मिठाई खिलाओ। उन्होंने मुझे हिदायत देते हुए कहा, “अरे अभी तो तुम्हारी नौकरी शुरू हुई है, अभी तो तुम्हें बहुत दूर जाना है।” उस दिन के बाद मैंने आज तक किसी ऑडिटर की पेंसिल रुकने पर उसे तेज करने के लिए शार्पनर देने की गलती नहीं की।
जैसे-जैसे समय बीतता गया, बॉस के साथ मेरा सानिध्य भी बढ़ता गया, वह मेरा बॉस कम, मार्गदर्शक ज्यादा बनता गया और इधर मैंने भी अपने जीवन की डोर पूर्ण रूप से उसके हाथ में दे दी। उन्होंने एक दिन भावुक होकर एक और गूढ़ रहस्य का उद्घोष किया, “हमारे देश के मनीषियों ने मानव जाति के समग्र उत्थान के लिए एक मूल मंत्र दिया था ‘जियो और जीने दो’। लेकिन कुछ सरकारी संतों ने इस मंत्र का सरकारी तंत्र में बड़ा ही सुन्दर प्रयोग किया है। हमें जनता की भलाई हेतु इस मंत्र का यथावत पालन करना चाहिए।” मैंने भी उस सरकारी संत अर्थात बॉस के सामने इस मंत्र का अक्षरशः पालन करने की शपथ खाई।
लेकिन शीघ्र ही मैंने यह अनुभव किया कि जो लोग इस मूल मंत्र का पालन कर रहे हैं उन्हें बड़ी हीन दृष्टि से देखा जाता है। इस मंत्र का पालन करने वालों को बेईमान, भ्रष्टाचारी व रिश्वतखोर जैसी उपमाएँ देकर हतोत्साहित किया जाता है जबकि ये बेचारे तो स्वभाव से ही सीधे होते हैं। किसी व्यक्ति से इनकी शत्रुता नहीं होती। ये न किसी को दुखी करते हैं न ही किसी का दुख देख सकते हैं। ऊँच-नीच, जाति-पाँति, अमीर-गरीब और स्त्री–पुरुष के झमेलों में ये कभी नहीं पड़ते, अपितु थोड़ा सा उत्कोच ग्रहण कर सबके दुख हरते हैं।
इनके संबंध प्रायः सभी के साथ मधुर होते हैं। यहाँ तक कि उच्च अधिकारी वर्ग का भी ये भरपूर स्नेह पाते हैं क्योंकि ये सदैव “को-ऑपरेशन” में विश्वास रखते हैं और उनके हर वैध या अवैध कार्य को अल्लाह का फरमान समझ कर अंजाम देते हैं। वैसे ये लोग काफी दिलेर भी होते हैं, छोटी-मोटी मुसीबतों से परेशान नहीं होते हैं। इनकी इसी निडरता को देखते हुए काका हाथरसी ने क्या खूब कहा है:
“कह काका क्यों काँप रहा है रिश्वत लेकर / रिश्वत पकड़ी जाये तो छूट जा रिश्वत देकर”
लेकिन कुछ लोग इनकी “को-ऑपरेशन” को “करप्शन” का नाम देकर इन्हें बेवजह बदनाम करते हैं। वास्तव में कुछ लोग मन से ही बीमार होते हैं, जिसे ईमानदारी का रोग कहते हैं। ‘कोरोना’ का इलाज तो निकल आया, परन्तु यह रोग तो सदियों से लाइलाज है। ये लोग न स्वयं चैन से जीते हैं और न दूसरों को जीने देते हैं। ऐसे व्यक्ति की न तो सरकार को आवश्यकता होती है न समाज को। इनका अपना परिवार भी इनका तिरस्कार ही करता है।
वैसे इस रोग से पीड़ित व्यक्ति सदैव घाटे का ही सौदा करते हैं। जब कार्यालय में अन्य लोग भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट मैच का लाइव अवलोकन कर रहे होते हैं तो ये बेचारे फाइलों के बोझ से दबे हुए अपनी किस्मत को कोस रहे होते हैं। जब अन्य लोग सुन्दर महिलाओं से आँख-मिचौली कर रहे होते हैं तो ये सरकारी नियमों–उपनियमों की पोथियों से माथापच्ची कर रहे होते हैं। भाग्य की विडम्बना कह लीजिए या इनकी मूर्खता, ये इतना भी नहीं समझते कि जब ऑडिट होगा तो सबसे ज्यादा कष्टकारी स्थिति इन्हीं की होगी। बात बड़ी सीधी है जब सारा वर्ष ईमानदारी से काम किया है तो कोई न कोई गलती तो होगी ही। अंधा क्या चाहे दो आँखें और ऑडिटर क्या चाहे कोई गलती।
संक्षेप में खुशियों का एक ही फलसफा है “काम नहीं तो गलती नहीं”। खैर सभी लोग तो ज्ञानी नहीं हो सकते। अनेक लोगों को मैंने अपने बारे में यह कहते हुए सुना है कि वह बड़े काम का आदमी है, बड़ा ही ‘कोऑपरेटिव’ है। लेकिन मैं इसका सारा श्रेय ईश्वर को देता हूँ क्योंकि अपना तो यह अडिग विश्वास है कि:
“जो कछु किया सो तुम किया, मैं कछु किया नाहिं / कहीं-कहीं जो मैं किया, तुम ही थे मुझ माँहि”
खैर! जैसे-जैसे मेरी पदोन्नति होती गई मुझे यह रहस्य समझ आ गया कि सरकारी नौकरी में सफलता हासिल करने के लिए खून-पसीना बहाने की आवश्यकता नहीं है अपितु हाजिरजवाबी के केवल चार मंत्र सीखकर आप सीधे लिफ्ट के द्वारा सफलता का वरण कर सकते हैं। और वो मंत्र हैं ‘यस सर’, ‘वेरी गुड सर’, ‘यू आर राइट सर’ तथा ‘यू आर वंडरफुल सर’।
लेकिन सभी लोग तो इतने महान नहीं हो सकते। मुझे नहीं याद कि आज तक इस सत्य-निष्ठ जीव को किसी ने एक पेन तक भी उपहार में दिया हो, जबकि लोगों को दीपावली, विजयादशमी या नव वर्ष की प्रतीक्षा रहती है ताकि वो किसी न किसी बहाने मुझे उपहार देकर मेरी कृपा के पात्र बन सकें। ऐसा कोई महीना नहीं आता जब मेरा जन्मदिन न मनाया जाये। अरे एक कनिष्ठ कर्मचारी ने तो हद ही कर दी जब उसने मेरे जीमी (कुत्ते) का जन्मदिन भी ऑफिस में ही मना लिया। आखिर बेचारे की पदोन्नति का सवाल था।


