लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार से लोक निर्माण और शहरी विकास विभाग के लिए 8500 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 6000 करोड़ रुपये सड़कों के निर्माण एवं सुधार पर व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रखी जा रही है और हिमाचल आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गिरब खुर्द के गांव क्यार में उन्होंने टूटू-क्यार सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क की मांग कर रहे थे। वन विभाग से एफआरए क्लीयरेंस और लोक निर्माण विभाग से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब सड़क के पक्कीकरण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। लगभग 90 लाख रुपये की लागत से इस सड़क का मेटलिंग कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे और मौजूदा उठाऊ पेयजल योजना के अधूरे कार्य को पीडीएनए के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शिमला शहर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के प्रयासों का परिणाम है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में गिरब खुर्द पंचायत में कई विकास कार्य किए गए हैं। इसी क्रम में दीधो घाटी से कड़ी सड़क का निर्माण 8.50 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर योग्य और सक्षम उम्मीदवार का चयन करें। उन्होंने कहा कि मजबूत स्थानीय नेतृत्व से क्षेत्र का विकास तेज होगा और जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों का सम्मान किया जाएगा।



